पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ग्लूकोज के डिब्बों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 4 क्विंटल डोडाचूरा; ट्रक समेत 45.57 लाख का माल जब्त
आगर मालवा : जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बड़ौद पुलिस ने शनिवार को डग-बड़ौद रोड पर घेराबंदी कर एक ट्रक से 4 क्विंटल 3 किलो डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करी का तरीका इतना शातिर था कि आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए नशे की बोरियों को 850 ग्लूकोज के कार्टूनों के नीचे छिपा रखा था। पुलिस ने हरियाणा के ट्रक चालक सहित उज्जैन के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर खंदवास जोड़ पर बिछाया जाल
एसपी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ौद थाना प्रभारी रुपसिंह बैस को सटीक सूचना मिली थी कि राजस्थान सीमा की ओर से आ रहे एक मेहरून रंग के ट्रक (HR 45 D 5253) में भारी मात्रा में नशा ले जाया जा रहा है। टीम ने खंदवास जोड़ पर घेराबंदी की और ट्रक को रुकवाया। तलाशी लेने पर ऊपर तो ग्लूकोज के पैकेट मिले, लेकिन गहराई से जांच करने पर नीचे 20 प्लास्टिक की बोरियां मिलीं, जिनमें डोडाचूरा भरा था।
हरियाणा का ड्राइवर और उज्जैन का सप्लायर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ट्रक ड्राइवर कमल ओढ़ (27), निवासी करनाल (हरियाणा) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह माल उसे उज्जैन जिले के झारड़ा निवासी हरिराम बगानिया ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने बिना देर किए दबिश दी और सह-आरोपी हरिराम को भी दबोच लिया।
जब्त माल का हिसाब-किताब
अवैध डोडाचूरा 4 क्विंटल 3 किलो (कीमत करीब 22 लाख रुपए)
अशोक लीलैंड ट्रक कीमत करीब 20 लाख रुपए ग्लूकोज कार्टून: 850 पैकेट (कीमत 3.57 लाख रुपए) कुल मश्रुका: ₹45,57,592/-
नेटवर्क खंगाल रही है पुलिस
"आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस रिमांड लेकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशे की यह खेप कहाँ सप्लाई होनी थी और इस सिंडिकेट में और कौन से सफेदपोश चेहरे शामिल हैं।"
0 Response to "पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ग्लूकोज के डिब्बों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 4 क्विंटल डोडाचूरा; ट्रक समेत 45.57 लाख का माल जब्त"
Post a Comment