पतंग लूटने के चक्कर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई 15 साल की किशोरी, करंट से मौत; बचाने आई महिला भी झुलसी
पतंग लूटने के चक्कर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई 15 साल की किशोरी, करंट से मौत; बचाने आई महिला भी झुलसी
आगर मालवा : की अर्जुन नगर कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक कटी पतंग की डोर काल बनकर आई। छत पर पतंग लूटने के प्रयास में एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। करंट इतना जोरदार था कि बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने दौड़ी एक महिला भी बुरी तरह झुलस गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कटी पतंग की डोर पकड़ते ही शरीर में दौड़ा करंट
जानकारी के अनुसार, अर्जुन नगर निवासी 15 वर्षीय किरण पिता कन्हैयालाल अपने घर की छत पर थी। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग वहां से गुजरी। किरण ने जैसे ही पतंग की डोर को पकड़ा, वह डोर पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकरा गई। सेकंडों में करंट किरण के शरीर में फैल गया और वह बुरी तरह झुलसकर छत पर ही गिर पड़ी।
पड़ोसी महिला ने दिखाई बहादुरी, लेकिन खुद भी चपेट में आई
किरण को तड़पता देख पास में ही मौजूद 30 वर्षीय टीना पति मेहरबान उसे बचाने के लिए दौड़ीं। जैसे ही उन्होंने किरण को छुआ, वे भी करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद किरण को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल टीना का उपचार जारी है।
मकर संक्रांति से पहले पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मकर संक्रांति का त्योहार अभी शुरू भी नहीं हुआ है और उससे पहले ही इस हादसे ने शहर को हिलाकर रख दिया है। स्थानीय नागरिकों ने विद्युत तारों के मकड़जाल और पतंगबाजी के दौरान होने वाली लापरवाही पर गहरी चिंता जताई है।
0 Response to "पतंग लूटने के चक्कर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई 15 साल की किशोरी, करंट से मौत; बचाने आई महिला भी झुलसी"
Post a Comment