शादी में गया था परिवार, पीछे से सूने घर के ताले चटकाकर 3 लाख की नगदी और जेवर ले उड़े चोर
आगर मालवा : जिला मुख्यालय पर चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने पुराने आबकारी कार्यालय के पास स्थित एक शासकीय क्वाटर को निशाना बनाया। चोर यहां से 3 लाख रुपए नगद और लाखों के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर रफूचक्कर हो गए। वारदात उस समय हुई जब कर्मचारी का परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था।।
बता दे कि मिली जानकारी के अनुसार, यह शासकीय आवास महेंद्र जैन का है, जो एक शासकीय कर्मचारी हैं। परिवार शादी में गया था और घर सूना पड़ा था। रविवार को जब परिजन वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। जब वे पीछे के रास्ते गए तो देखा कि दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे 3 लाख रुपए नगदी सहित कीमती जेवर गायब थे।
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लग सके।
0 Response to "शादी में गया था परिवार, पीछे से सूने घर के ताले चटकाकर 3 लाख की नगदी और जेवर ले उड़े चोर"
Post a Comment