टीएनसी और रेरा अप्रूव्ड बताकर बेचे प्लॉट, अब अंधेरे में रहने को मजबूर लोग, जंगली जानवरों और चोरों का डर
आगर मालवा :- जिला मुख्यालय पर जिला जेल के पीछे, बाबा बैजनाथ रोड स्थित 'अरिहंत वेली और तिरुपति विहार कॉलोनी' के रहवासी इन दिनों कॉलोनाइजर की धोखाधड़ी और प्रशासन की बेरुखी से परेशान हैं। विशेष बात यह है कि यह कॉलोनी माननीय कलेक्टर निवास के बेहद करीब स्थित है, इसके बावजूद यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। परेशान रहवासियों ने अब एकजुट होकर कॉलोनाइजर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और वैधानिक व कठोर कार्रवाई के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन सौंपा है।
बता दे कि प्लॉट बेचते समय कॉलोनाइजर ने इस प्रोजेक्ट को टीएनसी (नगर तथा ग्राम निवेश) और रेरा (RERA) से अप्रूव्ड बताया था। आम जनता को झांसा दिया गया कि कॉलोनी में सर्वसुविधायुक्त पार्क, मंदिर, नियमित पानी, पक्की सड़कें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। इतना ही नहीं, प्लॉट धारकों से नामांतरण और 'विकास शुल्क' के नाम पर मोटी रकम भी वसूल ली गई। लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। आज तक न तो पानी की सही व्यवस्था हुई और न ही साफ-सफाई की।
कॉलोनी का क्षेत्र जंगल से लगा हुआ है। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात होते ही यहां पूरी तरह अंधेरा पसर जाता है। आज के दौर में जहां कॉलोनियां सीसीटीवी कैमरों से लैस होती हैं, वहीं अरिहंत वेली और तिरुपति विहार में सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। आए दिन यहां चोर-उचक्कों का डर बना रहता है। पूर्व में भी कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आक्रोश रहवासियों का कहना है कि यह स्थिति कॉलोनाइजर की लापरवाही और आम जनता के साथ सीधा छल-कपट है। नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे कॉलोनाइजर पर एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।


0 Response to "टीएनसी और रेरा अप्रूव्ड बताकर बेचे प्लॉट, अब अंधेरे में रहने को मजबूर लोग, जंगली जानवरों और चोरों का डर"
Post a Comment