जंगल में घेराबंदी कर पुलिस ने पीड़िता को छुड़ाया: बैतूल की युवती को नौकरी का झांसा देकर किया अगवा 3 लाख में राजस्थान के युवक से जबरन शादी कराने का था प्लान
आगर मालवा : जिले के (बड़ौद) पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बैतूल की एक युवती को बदमाशों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया है। आरोपी युवती को इंदौर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर स्कॉर्पियो से अगवा कर लाए थे और 3 लाख रुपए में राजस्थान के एक युवक से उसकी जबरन शादी कराने की फिराक में थे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि 4 अन्य फरार हैं। एसपी दिलीप कुमार सोनी व एएसपी रविन्द्र कुमार बोयट के निर्देशन में बड़ौद थाना प्रभारी रूपसिंह बैस की टीम ने यह त्वरित कार्रवाई की।
कंट्रोल रूम को आई कॉल और एक्टिव हुई पुलिस
बता दें कि बैतूल निवासी पीड़िता इंदौर की एक फैक्ट्री में काम ढूंढने जा रही थी। 24 मई 2026 को शाहपुर बस स्टॉप पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो (MP09BD3061) सवार बदमाशों ने उसे नौकरी का लालच देकर बैठा लिया। आरोपी उसे बड़ौद के ग्राम करनालिया ले आए, जहां उसका सौदा करने की तैयारी थी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसी बीच मौका पाकर पीड़िता ने आगर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। वायरलेस पर सूचना मिलते ही बड़ौद पुलिस एक्टिव हुई और मोबाइल लोकेशन के आधार पर राजस्थान बॉर्डर के पास कचनारिया के जंगलों में दबिश दी।
पुलिस को देख बाइक से जंगल की ओर भागे आरोपी
बता दें कि पुलिस को आता देख स्कॉर्पियो सवार दो आरोपी भाग निकले, वहीं कुछ आरोपी युवती को दो मोटरसाइकिलों पर बैठाकर जंगल की ओर ले जाने लगे। पुलिस ने सूझबूझ से घेराबंदी कर युवती को सुरक्षित छुड़ाया और मौके से एक आरोपी ईश्वर सिंह बागरी को दबोच लिया। उपनिरीक्षक सुनीता परिहार ने पीड़िता की काउंसलिंग की। पकड़े गए आरोपी का खूंखार रिकॉर्ड: गिरफ्तार आरोपी ईश्वर सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ बड़ौद, सुसनेर और जबलपुर के अधारताल थाने में बलात्कार, लूट, छेड़छाड़, बंधक बनाने और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
इन धाराओं में केस दर्ज: पुलिस ने बड़ौद थाने में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87, 143(1), 351(3), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी: मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह पिता भग्गाजी बागरी निवासी करनालिया पुलिस की गिरफ्त में है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्य राघु बागरी, धर्मेन्द्र बागरी, कृपाल उर्फ लालू और राजस्थान निवासी विनोद मालवीय फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
0 Response to "जंगल में घेराबंदी कर पुलिस ने पीड़िता को छुड़ाया: बैतूल की युवती को नौकरी का झांसा देकर किया अगवा 3 लाख में राजस्थान के युवक से जबरन शादी कराने का था प्लान "
Post a Comment